-कॉलेज का सरकारीकरण करने के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संस्कृत महाविद्यालय डंगार के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। छात्रों ने प्रदेश में आई प्राकृतिक तबाही से राहत के लिए मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 11 हजार रुपये की राशि दी।
यह धनराशि संस्कृत महाविद्यालय डंगार के सभी छात्रों ने इकट्ठा की। छात्रों ने मुख्यमंत्री के समक्ष हाल ही में सरकार द्वारा डिनोटिफाई किए संस्कृत कॉलेज का पुन सरकारीकरण करने के लिए एक ज्ञापन भी सौंपा। छात्रों ने कॉलेज में पढ़ रहे विद्यार्थियों और कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को आश्वासन दिया कि जल्दी ही संस्कृत महाविद्यालय डंगार का पुन: सरकारीकरण किया जाएगा। छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान भी जल्द ही किया जाएगा। इसके बाद छात्रों ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से भेंट कर उन्हें भी ज्ञापन सौंपा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने छात्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि इसके बारे में वह मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा करेंगे। जल्द ही कॉलेज का पुन: सरकारीकरण किया जाएगा। छात्रों ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के छात्रों से अपील करते हुए कहा है कि जितना हो सके मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अंशदान कर पुन: प्रदेश निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।