बिलासपुर। शहर से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भरे गए दो सैंपलों की रिपोर्ट फेल पाई गई है। मास की दाल की बड़ियां सहित मल्टी विटामिन सिरप के सैंपल फेल होने के बाद विभाग अब संबंधित दुकानदार और निर्माता कंपनी को नोटिस जारी करने जा रहा है। नोटिस में 30 दिन में जवाब-तलब किया गया। इसके बाद नियमानुसार जुर्माना सहित आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बिलासपुर फूड एंड सेफ्टी विभाग के सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ समय पहले शहर से यह सैंपल भरे गए थे। सैंपल जांच के लिए कंडाघाट जिला सोलन में भेजे गए थे। रिपोर्ट में सैंपल फेल पाई गए हैं।
कश्यप ने कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर ऐसे करते कोई दुकानदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि खाद्य पदार्थों और अन्य सामानों में मिलावट की जानकारी विभाग को दें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से अब जिले की सीमाओं पर नाके लगाए जा रहे हैं। बाहरी राज्यों से लाई जाने वाली मिठाइयों सहित खोया व पनीर की जांच की जा रही है। अगर बिना दस्तावेज सामान पाया जाता है तो कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।