नगर परिषद व विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के दिए निर्देश
बोले, कठिन परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है सफाई कर्मियों का जीवन
उनकी सामाजिक सुरक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में बुधवार देर शाम हुई बैठक में अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी सफाई कर्मियों के लिए सरकार की बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सफाई कर्मियों का जीवन कठिन परिस्थितियों से जुड़ा है, इसलिए उनकी सामाजिक सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नगर परिषद, ठेकेदारों और बैंक अधिकारियों को कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित सभी पात्र योजनाओं का लाभ हर सफाई कर्मी तक पहुंचे और किसी को वंचित न रहने दिया जाए। इसके लिए सभी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी कर प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद और जल शक्ति विभाग ने बताया कि सफाई कर्मियों को झाड़ू, टोकरी, मास्क, हैंड सेनीटाइजर, साबुन, पीपीई किट और गमबूट सहित सभी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और इनके उपयोग के प्रति उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। कहा कि सफाई कर्मियों को राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मानित करने की परंपरा कायम की जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों की सूची प्रशासन को समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाए ताकि उनके योगदान को समाज के सामने उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके और स्वच्छता अभियान को और गति मिल सके।