फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नियम ताक पर: एक बाइक पर चार युवक, सरेआम उड़ रहीं ट्रैफिक नियमों की धज्जियां

विज्ञापन
घुमारवीं में एक स्कूटी पर चार युवक। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
घुमारवीं शहर और एनएच-103 पर युवा बिना हेलमेट तेज रफ्तार में दौड़ा रहे दोपहिया वाहन,हादसे का खतरा
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। सड़क पर कई युवा एक ही बाइक या स्कूटी पर तीन से चार सवारियां बैठाकर तेज रफ्तार में दोपहिया वाहन दौड़ा रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट भी सफर करते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सड़क पर कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। यातायात नियमों के मुताबिक दोपहिया वाहन पर चालक के अलावा केवल एक व्यक्ति के बैठने की अनुमति है। इसके बावजूद घुमारवीं शहर और हाईवे पर नियमों को दरकिनार कर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चलाने का सिलसिला जारी है। स्कूल, कॉलेज और आईटीआई जाने वाले कुछ युवा भी इस तरह दोपहिया वाहनों पर सफर करते नजर आ रहे हैं। एक बाइक या स्कूटी पर चार लोगों के बैठने से वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका रहती है। सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने, सामने वाहन आने या किसी राहगीर के सड़क पर पहुंचने की स्थिति में ओवरलोड दोपहिया वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। इससे चालक समेत अन्य सवारों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। तेज रफ्तार और बाइकिंग के रोमांच में कई युवा सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। जागरूकता अभियानों और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवर स्पीड और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के मामले सामने आ रहे हैं।
विज्ञापन

नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएसपी
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों और युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। नाबालिगों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें