शपथ, जागरूकता अभियान, आंखों की जांच व नुक्कड़ नाटक होंगे आयोजित
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आमजन को किया जाएगा जागरूक : डीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जाएगा। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि पूरे माह जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत एक जनवरी को शपथ कार्यक्रम से होगी। जिला, उपमंडल, तहसील, खंड व ग्राम पंचायत स्तर पर सभी विभागों, शहरी निकायों, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी सड़क सुरक्षा की शपथ लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि 2 व 3 जनवरी को मोटर वाहन अधिनियम की अनुपालना और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 से 7 जनवरी तक जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें होंगी, जिनमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। 8 और 9 जनवरी को सड़क सुरक्षा वालंटियरों की पहचान और प्रशिक्षण किया जाएगा। बताया कि 12 से 14 जनवरी तक ओवरस्पीड, लेन अनुशासन और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 15 से 17 जनवरी तक परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव संबंधी जानकारी दी जाएगी। वहीं 19 से 21 जनवरी तक वाहन चालकों की आंखों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। 22 से 24 जनवरी तक शिक्षण संस्थानों में प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, निबंध लेखन और सड़क सुरक्षा वॉक जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। 24 से 26 जनवरी तक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा 29 व 30 जनवरी को टैक्सी, बस, ऑटो और ट्रक चालकों सहित विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।