भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के गांव में तीन दशकों से पक्की नहीं हुई 1 किमी सड़क
25 वर्ष पहले हुआ था सड़क का निर्माण, गांव में रहते हैं 20 से 25 परिवार
विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों ने सड़क पक्का करने के दावे किए, लेकिन पूरे नहीं हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के गांव विजयपुर में ही तीन दशकों से 1 किलोमीटर सड़क को पक्का करने का कार्य नहीं हो पाया है जिससे लोगों में खासा रोष है। लोगों का कहना है कि यह बात सरकार की ओर से विकास के खोखले दावों की पोल खोल रही है।
गांव के निवासी मुंशीराम खजूरिया, जगत राम अमरनाथ, सोहनलाल दीवान, सतीश दीवान, बाबूराम दीवान, राकेश धीमान, साहब सिंह गुलेरिया, प्रकाश, रणजीत, कृष्णा राम चौधरी, शिवराम, भाग सिंह, ध्यान सिंह, अमर सिंह, शिवदेई, शशि, विवेक, पवन, उमेश, राहुल, रजत और अन्य ने बताया कि इस गांव पर दीप तले अंधेरा वाली कहावत सच साबित होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि गुग्गा मंदिर विजयपुर से अमरनाथ और सोहन लाल धीमान की बस्ती तक मात्र 1 किलोमीटर की दूरी संपर्क सड़क 25 वर्षों के बाद भी पक्की नहीं हो पाई। बताया कि वर्ष 1995 में यह सड़क निकाली गई थी। यह सड़क आज भी सबका साथ सबका विकास करने वाली सरकार की पोल खोल रही है। कितनी ही बार विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे पक्की करने की कई घोषणाएं की और आश्वासन दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ लीपापोती के लिए दो बार इस सड़क पर रोड़ी डाल दी गई मगर एक बारिश होने के बाद यह सड़क नाले का रूप ले लेती है जिससे यहां से आने जाने वाले 20 से 25 परिवार वर्षों से प्रभावित हो रहे हैं मगर प्रशासन, सरकार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस 1 किलोमीटर संपर्क मार्ग को पक्का करवाने में नाकाम रहे हैं।
लोगों का कहना है कि आज अगर गांव में कोई बीमार हो जाता है तो उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए पालकी का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों ने सरकार, पंचायत एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मांग की है कि संपर्क मार्ग को शीघ्र पक्का किया जाए जिससे उनकी सालों से चली आ रही इस समस्या का समाधान हो सके।