डिजिटल न चलाएं
मैनकिन (इंसानी शरीर जैसे दिखने वाला) एंडोस्कोपी करने का किया अभ्यास
बारीकी से बताई एंडोस्कोप की सफाई और कीटाणुशोधन की प्रक्रिया
संस्थान में अब तक 672 एंडोस्कोपी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में संस्थान के सामान्य सर्जरी विभाग की ओर से विशेष सिमुलेशन आधारित हैंड-ऑन बेसिक एंडोस्कोपी कोर्स का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला न केवल ज्ञानवर्धन का केंद्र बनी, बल्कि संस्थान की अब तक की उपलब्धियों के जश्न का माध्यम भी रही।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कोर्स में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा और डीन अकादमिक डॉ. रूपाली पार्लेवार ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन फैकल्टी समन्वयक डॉ. मोहिम ठाकुर द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। इस कार्यशाला की सबसे बड़ी विशेषता इसका सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण रहा। इसमें रेजिडेंट डॉक्टरों और फैकल्टी सदस्यों ने इंसानी शरीर जैसे दिखने वाले मैनकिन पर एंडोस्कोपी करने का अभ्यास किया। विशेषज्ञों ने एंडोस्कोपी के सिद्धांतों पर व्याख्यान दिए। एंडोस्कोप की सफाई और कीटाणुशोधन की प्रक्रियाओं को बारीकी से समझाया गया, जो सर्जरी में संक्रमण रोकने के लिए अनिवार्य है। इस कोर्स से संस्थान के भीतर ही एंडोस्कोपी सेवाओं के दायरे को बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस दौरान विभाग ने अपनी अब तक की प्रगति रिपोर्ट भी पेश की।
विभाग ने गर्व के साथ साझा किया कि संस्थान में अब तक 672 एंडोस्कोपी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं। इस सफलता में पर्दे के पीछे काम करने वाले सपोर्ट स्टाफ की भूमिका को भी सराहा गया। उत्कृष्ट और समर्पित सेवा के लिए सहायक कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा ने कहा कि ऐसे पाठ्यक्रमों से न केवल डॉक्टरों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि मरीजों को भी उच्च स्तरीय और सुरक्षित उपचार मिलता है। कार्यशाला के अंत में डेलिगेट्स ने माना कि सिमुलेशन ट्रेनिंग से उन्हें वास्तविक ऑपरेशन के दौरान आने वाली चुनौतियों को समझने में बड़ी मदद मिलेगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय नेतृत्व और संस्थान के प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। संस्थान ने भविष्य में भी इस तरह के उन्नत प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया है।