-छात्र पाठशाला के मैदान में मंत्री ने ली मार्च पास्ट की सलामी
-शहीदों को किया याद, कलाकारों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। 76वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला बिलासपुर के खेल मैदान में किया गया। इस मौके पर पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी। इस दौरान कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं।
मंत्री ने पहले चंगर स्थित शहीद स्मारक में वीर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद छात्र पाठशाला के मैदान में शिरकत की। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मातृभूमि पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनेकों महान वीर सपूत हुए हैं, जिनकी वजह से हम यह राष्ट्रीय पर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर शहीदों को याद करने का है, जिन्होंने देश की आजादी और संप्रभुता के लिए अपने प्राणों की आहुतियां दी हैं। आज देश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है, जोकि आजादी के बिना संभव नहीं था। मंत्री ने कहा कि दो वर्ष में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्धशाली राज्य बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ वित्तीय सुधार, सामाजिक कल्याण और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में अनेक मील के पत्थर स्थापित किए हैं। शराब की दुकानों की नीलामी से 485 करोड़ रुपये और दूध पर लगाए गए सेस से 145 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया।
एचपी शिवा परियोजना के तहत 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फल उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। छह ग्रीन कॉरिडोर स्थापित और 32 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए 327 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। गोबिंद सागर और अन्य जलाशयों में आधुनिक जल पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार और 16 हेलीपोर्ट का निर्माण प्रगति पर है। शिमला जिले में एशिया का पहला और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रज्जू मार्ग बनाया जा रहा है। 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती। कैंसर मरीजों को 42 प्रकार की मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं दुर्गम क्षेत्रों का दौरा कर सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया। नशा उन्मूलन के लिए राज्य स्तरीय सलाहकार बोर्ड का गठन भी किया गया। इस मौके पर विधायक त्रिलोक जमवाल, उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार गर्ग, डीएसपी मदन धीमान, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, कांग्रेस नेता विवेक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस पर चंगर बिलासपुर स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते मंत्री अनिरूद्ध स
गणतंत्र दिवस पर चंगर बिलासपुर स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते मंत्री अनिरूद्ध स