चंगर सेक्टर के सभागार में सजा साहित्यिक कार्यक्रम, कवियों ने पहाड़ी रचनाओं से बांधा समां
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। चंगर सेक्टर के सभागार में जिला भाषा विभाग, कहलूर सांस्कृतिक परिषद, कल्याण कला मंच और बिलासपुर लेखक संघ की ओर से साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पहाड़ी कवि एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जीत राम सुमन के पहाड़ी कविता संग्रह जिंदगिया री बाट का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. लेख राम शर्मा ने मुख्यातिथि और जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इस दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि अरुण डोगरा की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। अमरनाथ धीमान ने पुस्तक की समीक्षा प्रस्तुत की, जबकि सुशील पुंडीर ने मंच संचालन किया। समारोह में पहाड़ी कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्यातिथि ने पहाड़ी बोली के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। अंत में सभी ने कहलूरी धाम का आनंद लिया।