सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्य कर सकेंगे पंजीकरण 31 अक्तूबर तक होगा मूल्यांकन
स्वच्छता, हरियाली, सुरक्षित पेयजल, कचरा प्रबंधन का होगा आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के लिए जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रभारी 30 सितंबर तक पंजीकरण कर सकते हैं। स्कूलों का पंजीकरण यू-डाइस प्लस कोड के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप पर किया जाएगा।
रेटिंग के दौरान स्कूलों में स्वच्छता, हरियाली, सुरक्षित पेयजल, शौचालय, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसी व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही मिशन लाइफ, पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान, ईको क्लब, चाइल्ड कैबिनेट और जीवन कौशल गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी को भी रेटिंग में शामिल किया जाएगा। स्कूलों को इन गतिविधियों से संबंधित विवरण पोर्टल पर दर्ज करना होगा।
जिला स्तर पर स्कूलों का मूल्यांकन 31 अक्तूबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद चयनित विद्यालयों को राज्य स्तर की रेटिंग के लिए नामांकित किया जाएगा। नवंबर में चयनित स्कूलों की सूची जारी किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम के समन्वयक नरबीर चंदेल ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी स्कूल समय पर पंजीकरण करवाकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग का उद्देश्य स्कूलों में स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल वातावरण विकसित करना है। इसके लिए सभी स्कूलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।