संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग के तहत पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूल प्रधानाचार्य और प्रभारी 30 सितंबर तक यूडाइस प्लस कोड के माध्यम से पोर्टल या मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करवा सकेंगे।
रेटिंग में स्कूलों में स्वच्छता, हरियाली, सुरक्षित पेयजल, शौचालय, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसी व्यवस्थाओं का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा मिशन लाइफ, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, इको क्लब, चाइल्ड कैबिनेट और जीवन कौशल गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी को भी रेटिंग में शामिल किया जाएगा। स्कूलों को इन गतिविधियों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना होगा। जिला स्तर पर मूल्यांकन 31 अक्तूबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद चयनित स्कूलों को राज्य स्तरीय रेटिंग के लिए नामांकित किया जाएगा।
नवंबर में चयनित विद्यालयों की सूची जारी होने की संभावना है। उप निदेशक शिक्षा गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा निशा गुप्ता ने सभी स्कूलों से समय पर पंजीकरण करवाने की अपील की।