-पशु चिकित्सालय घुमारवीं में आयोजित पशु मेले में पहुंचे 18 श्रेणी के पशु
-होल्स्टीन फ्रीजियन क्रॉस ब्रीड गाय दूध उत्पादन श्रेणी में पूनम ठाकुर की गाय अव्वल
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव से पहले शुक्रवार को पशु चिकित्सालय घुमारवीं में पशु मेले का आयोजन किया गया। शुभारंभ पूर्व उप-कुलपति प्रोफेसर हरिचंद शर्मा ने किया। पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया और अपने बेहतरीन पशुओं का प्रदर्शन किया।
मेले के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में गाय, भैंस और बकरियों की प्रतियोगिताएं कराई गईं। इसमें कुल 18 श्रेणियों में दूध देने वाली भैंस और गाय, गर्भवती भैंस और गाय, गाभिन बछड़ी और कटड़ियां, बीटल नस्ल की बकरियां और सिरोही नस्ल के बकरे एवं बकरियां शामिल रहीं। प्रतियोगिता में विजेताओं को नकद पुरस्कार वितरित किए गए। निली रवि ग्रेडेड श्रेणी में रीना देवी गांव बरसंड की भैंस प्रथम स्थान पर रही। निली रवि ग्रेडेड हीफर गर्भवती श्रेणी में इरफान खान गांव बल्लू की भैंस प्रथम स्थान पर रही। होल्स्टीन फ्रीजियन क्रॉस ब्रीड गाय दूध उत्पादन श्रेणी में पूनम ठाकुर गांव बाड़ी करंगोड़ा की गाय प्रथम रही। होल्स्टीन फ्रीजियन क्रॉस ब्रीड गाय गर्भवती श्रेणी में विद्या सागर गांव दाबला की गाय प्रथम स्थान पर रही। जर्सी क्रॉस ब्रीड गाय दूध उत्पादन श्रेणी में नूर दीन गांव बल्लू की गाय प्रथम स्थान पर रही। जर्सी क्रॉस ब्रीड गाय गर्भवती श्रेणी में अजीत गौतम गांव कल्याणा की गाय प्रथम स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के लिए 5000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 4000 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 3000 रुपये का नकद पुरस्कार पशुपालकों को दिया गया। गर्भवती भैंस और गायों की श्रेणी में प्रथम स्थान पर रहने वाले पशु के पालक को 4000 रुपये, द्वितीय को 3000 रुपये और तीसरे को 2500 रुपये मिले। बछड़ियों और कटड़ियों की श्रेणी में प्रथम स्थान पर रहने वाले पशु पालक को 3000 रुपये, द्वितीय को 2500 रुपये और तृतीय स्थान को 2000 रुपये का इनाम दिया गया। एक से दो वर्ष की उम्र की कटड़ियों और बछड़ियों की श्रेणी में प्रथम स्थान पर रहने वाले पशुओं के पालकों को 2500 रुपये, द्वितीय को 2000 रुपये और तृतीय स्थान को 1500 रुपये प्रदान किए गए। पूर्व उप-कुलपति प्रोफेसर हरिचंद शर्मा ने विजेताओं को नकद पुरस्कार बांटे। जिन किसानों के पशु इनाम नहीं जीत पाए, उन्हें फीड और एक तसला प्रोत्साहन के रूप में दिया गया। इस अवसर पर उप-मंडल अधिकारी गौरव चौधरी, बीडीसी सदस्य रवि कौशल, नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, सोनिका धर्माणी, सतपाल, सोमनाथ संख्यान, अनीता, सुनीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।