श्री नयनादेवी जी में दर्शन के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु। संवाद
-सात दिन में पौने दो लाख श्रद्धालु कर चुके माता नयना देवी के दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी मंदिर में चैत्र नवरात्रों के चलते सप्तमी तक करीब 1.75 लाख श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। वहीं सप्तमी के दिन 35 हजार श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कामना की।
सप्तमी के दिन वीआईपी मूवमेंट भी देखने को मिला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी संग देवी के दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के आला अधिकारियों सहित सरकारी अमला पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मंदिर में तैनात रहा। हालांकि, इस कारण किसी भी श्रद्धालु को ज्यादा देर माता के दर्शनों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा।
जिला प्रशासन और मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य प्रदेशों से भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे। सामाजिक संस्थाओं की ओर से जलपान और लंगर की व्यवस्था भी की गई है। मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए देर रात दो बजे खोल दिए गए। सुबह की आरती के बाद श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए भेजा गया। पूरा दिन मंदिर माता के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की और प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डाल कर अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।