विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्रीनयना देवी जी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं को मां के दर्शनों के लिए लाइनों में लगकर करीब पांच घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मंदिर न्यास और पुलिस ने भी व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। रविवार को मां नयना देवी जी के दर्शनों को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू, यूपी और बिहार सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे थे। बताया जा रहा कि गर्मियों की छुट्टियां होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में इतनी बढ़ोत्तरी हुई है। उधर, मंदिर अधिकारी मदन सिंह चंदेल सुबह से ही मंदिर में डटे रहे। पुलिस चौकी प्रभारी सुभाष शर्मा, होमगार्ड के इंचार्ज मंगतराम, मंदिर सुरक्षा प्रभारी महेंद्र सिंह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
मंदिर के बाहर बस्सी पठाना से आए श्रद्धालुओं ने छबील लगाई। गर्मी से बेहाल श्रद्धालुओं को इससे राहत मिली।
सुबह तीन बजे खोल दिए थे मंदिर के कपाट
रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने की उम्मीद से पहले ही मां नयना देवी मंदिर के कपाट सुबह 3 बजे खोल दिए थे। दिन चढ़ने के साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। दोपहर की आरती के बाद ज्यादा भीड़ हो गई थी।
रविवार को उमड़ी रिकार्ड श्रद्धालुओं की भीड़ : मंदिर अधिकारी
मंदिर अधिकारी मदन सिंह चंदेल ने बताया कि मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की रिकार्ड तोड़ भीड़ थी। मंदिर में जब से उन्होंने कार्यभार संभाला हैं। इतनी ज्यादा भीड़ पहली बार रविवार के दिन उमड़ी। सुरक्षा कर्मियों को भीड़ पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।