सर्वसम्मति से पुरानी कार्यकारिणी को रखा गया यथावत
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)।
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। द भराड़ी पूर्व छात्र सामाजिक कल्याण समिति भराड़ी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समिति की कार्यकारिणी का पुनर्गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में समिति के प्रधान आजाद चंद वर्मा ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की औपचारिक घोषणा की, जिसके बाद समिति के वरिष्ठ सदस्य ठाकुर रूप सिंह की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक के दौरान संगठन सचिव कर्म सिंह जसवाल ने कहा कि जो व्यवस्था और कार्यप्रणाली सफलतापूर्वक एवं पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही हो, उसे बदलने की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि समिति की वर्तमान कार्यकारिणी समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है और इसी कारण अधिकांश पदाधिकारियों को यथावत रखते हुए कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। पुनर्गठित कार्यकारिणी में आजाद चंद वर्मा को प्रधान, ज्ञानचंद भारद्वाज को उपप्रधान, जेके शर्मा को महासचिव, कृष्ण लाल शर्मा को सहसचिव, जनक राज शर्मा को प्रेस सचिव, जगन्नाथ शर्मा को कोषाध्यक्ष, जगदीश राम शर्मा को कानूनी सलाहकार, दीवाना राम चौधरी को संरक्षक, सुनील दत्त शर्मा को वरिष्ठ उपप्रधान, डॉ. राजकुमार शर्मा को उपप्रधान, प्रेम सागर शर्मा को सहसचिव, कर्म सिंह जसवाल को संगठन सचिव, डॉ. वेद प्रकाश शर्मा को सलाहकार, ठाकुर रूप सिंह को मुख्य सलाहकार, इं. रमेश शर्मा को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा राजेंद्र ठाकुर को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल कर समिति का विस्तार किया गया।
समिति के प्रधान आजाद चंद वर्मा ने सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति की निरंतर प्रगति और समाज सेवा के क्षेत्र में बढ़ती पहचान का श्रेय सभी सदस्यों के सहयोग और समर्पण को जाता है। उन्होंने कहा कि समिति दिन-दुगनी और रात-चौगुनी उन्नति कर रही है और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करती रहेगी। उन्होंने उन पूर्व सदस्यों से भी दोबारा जुड़ने की अपील की, जो किसी कारणवश समिति से दूरी बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों के जुड़ने से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने के प्रयास और अधिक मजबूत होंगे।
इनसेट
बैठक के दौरान समिति ने सामाजिक सरोकारों का परिचय देते हुए तीन जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। समिति द्वारा लक्ष्मी देवी निवासी भपराल को पुत्री के विवाह के लिए 5,100 रुपये, प्रेमी देवी पत्नी राजकुमार निवासी भ्योल को बीमारी के उपचार के लिए 7,000 रुपये तथा रतनी देवी निवासी हरितल्यांगर को मकान में आग लगने से हुए नुकसान के मद्देनजर 7,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस प्रकार समिति ने कुल 19,100 रुपये की आर्थिक सहायता जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध करवाई।