दूसरों के घर में शरण लेकर जिंदगी बिता रही सिकरोआ की हरदेई
शराब की लत ने बेटे को कर दिया है पूरी तरह बर्बाद
घर चलाने का कोई साधन नहीं, अकेले लड़ रही जिंदगी की जंग
टूटा मकान, टूटी उम्मीदें, नहीं मिला प्रशासनिक सहारा
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। विकासखंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत ननावां के गांव सिकरोआ की हरदेई देवी (64) की जिंदगी इस बरसात में पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गई। भारी बारिश में उनका कच्चा मकान ढह गया। बरसात ने न केवल उनके सिर से छत छीनी, बल्कि जीने की आस भी लगभग खत्म कर दी।
पहले हरदेई देवी को बीपीएल कार्ड के सहारे सरकारी योजनाओं से थोड़ी राहत मिल जाती थी, लेकिन अब वह हक भी उनसे छिन गया। उनका कहना है कि पंचायत में बार-बार नाम बहाल करने की गुहार लगाई, पर उनकी बात किसी ने नहीं सुनी। प्रशासन ने उनकी बहू के नाम मकान के लिए जियो-टैग कर दिया है, जबकि बहू अब उनके साथ नहीं रहती। ऐसे में वह खुद छत से महरूम हैं और दूसरों के घर में रहने को मजबूर हैं। बताया कि करीब सात साल पहले पति का निधन हो गया था। एक बेटा है, लेकिन शराब की लत ने उसे इस कदर जकड़ रखा है कि वह परिवार के सहारे की बजाय बोझ बन चुका है। ऐसे में घर चलाने का कोई साधन नहीं बचा। वे अब खुद अपने जीवन की जंग अकेले लड़ रही हैं। लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने उनका छोटा-सा कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। दीवारें गिर गईं, छत टूट गई और जो कुछ बचा था, वह भी मिट्टी में मिल गया। बारिश की रातों में भीगते हुए हरदेई देवी ने किसी तरह अपनी बेटी के घर में शरण ली। सबसे दुखद यह है कि उन्हें अब तक पंचायत या प्रशासन से कोई ठोस मदद नहीं मिली। राहत के नाम पर केवल एक तिरपाल दी गई, जिससे न छत ढकी और न ही मुश्किलें कम हुईं। कई बार पंचायत में गुहार लगाने के बावजूद किसी ने सुनवाई नहीं की।
कोट
ग्राम सभा में आपत्ति के बाद ही बीपीएल से नाम काटा गया
ग्राम पंचायत ननावां की प्रधान तृप्ता देवी ने बताया कि ग्राम सभा में आई आपत्ति के बाद कुछ महीने पहले ही हरदेई देवी का नाम बीपीएल सूची से हटाया गया था। उनकी बहू के नाम पर मकान के लिए आवेदन किया गया है, क्योंकि परिवार रजिस्टर में पूरा परिवार साथ दर्ज है।
इनसेट
मौके पर जांच न होना गंभीर, पटवारी को दिए जाएंगे निर्देश
तहसीलदार घुमारवीं शिवानी भारद्वाज ने कहा कि यह पता किया जाएगा कि मौके पर नुकसान का जायजा लेने अब तक कोई क्यों नहीं पहुंचा। पटवारी से इस संबंध में बात कर जल्द से जल्द मौके पर जांच करवाने और पीड़ित को राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए जाएंगे। संवाद