- जिले में वीरवार को दिनभर होती रही बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में वीरवार को दिनभर मूसलाधार बारिश होती रही। करीब तीन माह बाद हुई बारिश से सूखे खेतों में नमी आ गई है। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं, कोहरे और सूखी सर्दी से होने वाली बीमारियों से लोगों को राहत मिलेगी। बारिश के बाद बिलासपुर शहर और बंदला धार शीशे की तरह साफ दिखाई दे रही थी।
जिले के बिलासपुर शहर, घुमारवीं, बरठीं, झंडूता, शाहतलाई आदि क्षेत्रों में बुधवार रात को भी गरज के साथ रूक-रूक कर बारिश होती रही। वहीं, वीरवार सुबह तेज बारिश हुई जो दोपहर बाद तक जारी रही। दोपहर एक बजे के करीब हलकी धूप खिली, लेकिन 3 बजे के करीब एक बार फिर बादलों ने आसमान पर डेरा जमा लिया। वीरवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फसलों के लिए यह बारिश वरदान मानी जा रही है। हालांकि जिले में करीब 70 प्रतिशत सूखे से प्रभावित हुई है, लेकिन बची हुई फसल को बढ़ने में यह बारिश मदद करेगी। वहीं, करीब 3 माह से बारिश न होने और लगातार कोहरा पड़ने से लोग सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से संबंधित रोगों से ग्रस्त हो रहे थे। जिला अस्पताल की ओपीडी में भी इन बीमारियों से पीड़ित मरीज भारी संख्या में पहुंच रहे थे। चिकित्सकों के अनुसार इस बारिश से सूखी सर्दी से होने वाले रोगों से लोगों को मुक्ति मिलेगी। उधर, मौसम विभाग के अनुसार जिले में आगामी दो दिनों तक हलके बादल छाए रहेंगे। रविवार से एक बार बारिश का दौर शुरू हो सकता है।