जुखाला (बिलासपुर)। जिले में आधा महीना बीत जाने पर भी अभी तक दालों की सप्लाई डिपुओं में नहीं पहुंची है। डिपुओं में दालों की सप्लाई नहीं पहुंचने के चलते उपभोक्ताओं को बार-बार डिपुओं के चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
जिला बिलासपुर में एक लाख तीन हजार राशन कार्ड धारक हैं। वहीं 3394 क्विंटल सप्लाई हर महीने दालों की होती है। लेकिन इस बार आधा महीना बीत जाने पर भी दालें डिपुओं तक नहीं पहुंची हैं। सरकार ने बीपीएल और एपीएल कार्ड धारकों के लिए सरकारी डिपुओं में रिफाइंड तेल की कीमतों भी बढ़ोतरी कर दी है। बीपीएल को पहले 78 रुपये प्रति लीटर रिफाइंड मिलता था। लेकिन अब 104 रुपये देने होंगे। वहीं एपीएल कार्ड धारकों को 83 की जगह 109 रुपये प्रति लीटर रिफाइंड मिलेगा। आयकर भरने वालों को प्रति लीटर के 124 रुपये देने होंगे।
इससे कोरोना काल में उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्रदेश के सिविल सप्लाई के डिपुओं में एपीएल और बीपीएल कार्ड धारकों के लिए इस माह से नए दाम पर रिफाइंड तेल मिलेगा। सरसों के तेल के दाम में कोई इजाफा नहीं किया गया है। डिपुओं में बीपीएल को 98 रुपये व एपीएल धारकों को 103 रुपये में मिलेगा।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक बृजेंद्र कुमार ने बताया कि दालों का टेंडर हो गया है। सप्लाई एक-दो दिन में पहुंच जाएगी। रिफाइंड तेल की कीमतों में तेजी आई है। एपीएल कार्ड धारकों को 83 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला रिफाइंड अब 109 रुपये में मिलेगा। वहीं बीपीएल के लिए भी 26 रुपये दाम बढ़ाए गए हैं।