स्कूल प्रबंधकों की समस्याओं का शीघ्र कराया जाएगा समाधान : औलख
बिलासपुर (रामपुर)। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा है कि मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक समिति से जुड़े सभी स्कूल प्रबंधकों की समस्याओं का शीघ्र ही समाधान कराया जाएगा। उन्होंने सभी से शिक्षा का स्तर और बेहतर करने का आह्वान किया।
कृषि राज्यमंत्री रविवार की दोपहर नगर के मोहल्ला कायस्थान स्थित एक बरात घर में मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक समिति द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल प्रबंधक शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाएं। उनकी जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान वह शासन स्तर से कराएंगे। इससे पूर्व सभी ने उनका फूल मालाओं से ऐतिहासिक स्वागत किया। समिति के जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश तिवारी, संरक्षक एनपी सिंह, विजय सिंह सागर, राजू सैनी आदि ने राज्यमंत्री को ज्ञापन देकर परिषदीय विद्यालयों की भांति मान्यता प्राप्त विद्यालयों को कंप्यूटर उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल हेतु इंडिया मार्का हैंडपंप उपलब्ध कराने, निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को उपचार आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने, कोविड-19 के दौरान विद्यालयों के बंद रहने की वजह से विद्यालयों की बिगड़ी आर्थिक स्थिति को बेहतर कराने, मदरसों की भांति मान्यता प्राप्त अन्य विद्यालयों के बच्चों के अनुदान दिलाने आदि मांगे मुख्य थीं। राज्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को शासन स्तर से शीघ्र ही पूरा कराने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, राजेश सैनी, एन पी सिंह, विजय सिंह सागर, राजू सैनी, मुकुट सिंह गंगवार, मुशीर अहमद, जीशान खां, राजेश कुमार पाल, राजेंद्र प्रसाद सिंह, अमित शर्मा, रामपाल, रिजवान अहमद, लेखराज, ओमकार सिंह, विजय शंकर, मशरूर, कृष्ण कुमार, शाकिर अली, अजय ठाकुर, विपिन ठाकुर, मोहन लाल सैनी आदि उपस्थित रहे। संचालन एन पी सिंह ने किया।