घुमारवीं में फुटपाथ पर खड़ी गाड़ी और किनारे पर पैदल चल रहे बच्चे। संवाद
-फुटपाथ पर कब्जा, बच्चों और बुजुर्गों कर रहे समस्या का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर) घुमारवीं नगर परिषद क्षेत्र में वाहन पार्किंग की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। शहर में फुटपाथों पर गाड़ियां खड़ी कर पैदल रास्तों को बाधित किया जा रहा है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है।
शहर के बीचो-बीच गुजरने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 के व्यस्ततम दकड़ी चौक पर हालात और भी चिंताजनक हैं। यहां फुटपाथों को घेरकर वाहनों की पार्किंग कर दी जाती है, जिससे पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ता है। स्कूल समय में स्थिति और खतरनाक हो जाती है। स्थानीय निवासियों व स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों रविंद्र सिंह, कमल किशोर और सुनील कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि फुटपाथों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
उधर, डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने कहा कि बेतरतीब पार्किंग कर पैदल मार्ग को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ पुलिस नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदारी दिखाने की अपील की है।