-ग्रीष्मोत्सव के लिए 350 से अधिक कलाकारों ने दिए ऑडिशन
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़/घुमारवीं। जिला स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 5 से 9 अप्रैल तक होने वाले 33वें ग्रीष्मोत्सव को लेकर बैठकों का दौर जारी है। आयोजन समिति के अध्यक्ष एसडीएम राजीव ठाकुर संबंधित उप समितियों की गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं।
स्थानीय कलाकारों के चयन के लिए गठित उपसमिति के चेयरमैन रामलाल पाठक ने बताया कि महिला मंडलों और स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन रविवार को समाप्त हो गए। ऑडिशन में महिला मंडलों सहित 350 से अधिक स्थानीय कलाकारों ने ऑडिशन में भाग लिया। 27 मार्च से 29 मार्च तक स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन हुए। 31 मार्च से 2 अप्रैल तक महिला मंडलों के कलाकारों ने उप समिति के समक्ष अपनी प्रस्तुतियां दीं। आयोजन समिति की ओर से यह प्रयास किया जा रहा है कि कार्यक्रम के माध्यम से कहलूर की लोक-संस्कृति से भावी पीढ़ी को अवगत कराया जाए। इस बार एक सांस्कृतिक संध्या कहलूर संध्या के नाम से होगी। उसमें बिलासपुर के कलाकार ही भाग ले सकेंगे। इसके अलावा अन्य तीन सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत भी स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से होगी।