राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी ही कर सकते हैं आवेदन
कानूनगो को 30 हजार और पटवारी को मिलेगा 25 हजार वेतन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर हिमाचल प्रदेश के अधीनस्थ राजस्व विभाग में रिक्त चल रहे 11 पटवारी और तीन कानूनगो के पदों को अनुबंध आधार पर भरा जाएगा। इसमें पुन: नियुक्ति के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी उपायुक्त राहुल कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन प्रमाणपत्रों व दस्तावेजों सहित 23 जुलाई तक उपायुक्त कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। 23 जुलाई के बाद प्राप्त या अपूर्ण आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्हीं सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुन: नियुक्त किया जाएगा जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के राजस्व विभाग के किसी भी विंग में न्यूनतम पांच साल की सेवा प्रदान की हो और जिनके विरुद्ध कोई विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित न हो। पात्रता की शर्तों के अनुसार 31 अक्तूबर 2025 को अभ्यर्थी की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कानूनगो को प्रतिमाह 30 हजार रुपये और पटवारी को 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को जिला बिलासपुर के रिक्त कानूनगो/पटवारी सर्किल में तैनात किया जाएगा। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट http://hpbilaspur.nic.in से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।