प्रशासन ने चुनावों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का किया आह्वान
नगर परिषद घुमारवीं के आम चुनाव 2026 को लेकर तैयारी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य चुनाव आयोग हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के तहत रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी की ओर से शहर के सभी 9 वार्डों के लिए मतदान केंद्रों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया अब और गति पकड़ने लगी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार वार्ड नंबर 1 बडू के लिए सीआरसी भवन सेरीकल्चर बडू कमरा नंबर 1 को मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड नंबर 2 इंदिरा और वार्ड नंबर 3 आंबेडकर के लिए शहीद विजय पाल मेमोरियल पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में क्रमशः राजीव भवन कमरा नंबर 1 और अटल भवन कमरा नंबर 2 निर्धारित किए गए हैं। वार्ड नंबर 4 कल्याणा के लिए इसी विद्यालय की शाखा कन्या के पुराने भवन में कमरा नंबर 2 को मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड नंबर 5 हारकुकार के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला हारकुकार कमरा नंबर 2, वार्ड नंबर 6 जगदंबा के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला घुमारवीं कमरा नंबर 2 को केंद्र तय किया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर 7 बजोहा के मतदाता ग्राम पंचायत घुमारवीं के बैठक हाल, शिव मंदिर के समीप मतदान करेंगे। वार्ड नंबर 8 टिक्करी के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला अबढानीघाट कमरा नंबर 1 और वार्ड नंबर 9 दकडी के लिए इसी विद्यालय के कमरा नंबर 3 को मतदान केंद्र बनाया गया है। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने निर्धारित मतदान केंद्रों की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें और चुनाव के दिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें।