बिलासपुर। श्री नयनादेवी विस क्षेत्र के विधायक, पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य रामलाल ठाकुर ने विधानसभा में प्रदेश सरकार को पेड़ों के अवैध कटान पर घेरा। प्रदेश के किसानों के हितों, खैर और चंदन के पेड़ों के अवैध कटान, बिजली बिलों के दामों में वृद्धि करने पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
वीरवार को शिमला में जारी विधानसभा सत्र के दौरान रामलाल ठाकुर ने कहा कि क्या कारण है कि अवैध कटान के अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। प्रदेश सरकार से बिजली के दामों में बढ़ोतरी पर जवाब मांगा। कहा कि कोरोना काल में बिजली दरों और शुल्क में बढ़ोतरी कर सरकार से आम जनता पर आर्थिक बोझ ही डाला है। इस बढ़ोतरी को वापस लेने पर सरकार को विचार करना चाहिए। रामलाल ठाकुर ने ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क सड़कों के रखरखाव का मुद्दा भी सदन में उठाया। कहा कि सरकार को सड़कों के रखरखाव के लिए योजना बनानी चाहिए। बरसात में जो सड़कें टूट गई हैं उनके बारे में सरकार ने क्या संज्ञान लिया है। सदन में सरकार से पूछा कि डिग्री कॉलेज जुखाला के प्रस्तावित मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और श्री नयनादेवी डिग्री कॉलेज भवन के निर्माण का कार्य कब तक पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर सरकार से प्रश्न किए।