मतदाता सूचियों का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त विकास लाबरु।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। उपमंडल घुमारवीं में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 16 दिसंबर 2019 से 15 जनवरी 2020 तक चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों, विलोपनों तथा संशोधन के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों का मंडलायुक्त मंडी विकास लाबरू ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र 74 बाड़ी मझेड़वा, 75 बाड़ी करंगोड़ा, 77-पट्टा के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों के आवेदकों के घर पर जाकर जांच पड़ताल की। इन पोलिंग स्टेशनों पर प्राप्त आवेदनों, दावों व आक्षेपों में से उन्होंने नाम दर्ज करवाने हेतु फार्म नंबर 06 और विलोपन हेतु प्राप्त फार्म नंबर 07 और संशोधन हेतु प्राप्त फार्म नंबर 08 की पुष्टि की।
इसके उपरांत उन्होंने कार्यालय में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के कुल 111 मतदान केंद्रों में विभिन्न बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों, दावों और आक्षेपों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा, कनिष्ठ सहायक पंकज कपूर सहित संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेबल अधिकारी उपस्थित रहे।