घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की पंचायत कसारू के गांव क्लोह के रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक नेशनल हाईवे 103 शिमला-धर्मशाला निहारी में अपनी सीमेंट की दुकान करता था तथा दुकान के नीचे बने हुए कमरे में मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान संजीव कुमार पुत्र स्व. जगरनाथ उम्र 45 साल गांव क्लोह, डाक खाना नसवाल तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। उक्त व्यक्ति रात को अपनी दुकान बंद करके नीचे वाले कमरे में सो गया था। जब बुधवार सुबह दुकान बंद दिखी तो लोगों ने घर वालों को सूचना दी। परिवार वालों ने जब आकर देखा तो दुकान के नीचे कमरे में मृत पाया गया है।
घुमारवीं थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है तथा शव का सिविल अस्पताल घुमारवीं में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने किसी भी तरह का किसी के ऊपर संदेह व्यक्त नहीं किया है।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि निहारी में एक सीमेंट की दुकान करने वाला व्यक्ति कमरे में मृत पाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू को ध्यान में रखकर कर छानबीन की जा रही हैं।