सेफ राइड, सेव लाइफ
इंपैक्ट
एमटीएम के नाके में दो दर्जन, यातायात इकाई ने किए 50 चालान
पुलिस का कहना, नियमों की अवहेलना करने वालों पर कसा जाएगा शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अमर उजाला की ओर शुरू की गई जनहित की मुहिम सेफ राइड, सेव लाइफ के तहत पुलिस की कार्रवाई जारी है। शहर में यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
शहर में बुधवार को मोबाइल ट्रैफिक मजिस्ट्रेट (एमटीएम) राघव गुप्ता की अगुवाई में सदर थाना के पास पुलिस ने नाकाबंदी की और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान दो दर्जन चालान किए गए। इसमें बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपलिंग, हाई सिक्योरिटी प्लेट, बिना दस्तावेज इत्यादि चालान किए गए। बिलासपुर शहर और आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से युवाओं में तेज रफ्तार और बिना हेलमेट बाइकिंग का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही बिना लाइसेंस और ओवरलोड बाइक सवारों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा था, जिससे सड़क सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद अमर उजाला के सेफ राइड, सेव लाइफ मुहिम शुरू की और पुलिस ने भी इस पर कार्रवाई शुरू की। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, लाइसेंस या सिग्नल तोड़ने वालों पर किसी तरह की रियायत नहीं दी जा रही। एमटीएम नाके में दो दर्जन और यातायात इकाई ने 50 चालान किए। 20 चालानों का भुगतान मौके पर किया गया और बाकी चालान कोर्ट भेजे गए। बिलासपुर के यातायात प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना पर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। इस दौरान वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।