सीर खड्ड पुल के पास बनेगा आधुनिक बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स
ऊपरी हिस्से में लगेगा सोलर प्लांट, सौर ऊर्जा से जलेंगी शहर की स्ट्रीट लाइटें
घुमारवीं नप पांच करोड़ रुपये की लागत से तैयार करेगी पूरी योजना
संजीव शामा
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं शहर के विकास को नई दिशा देने जा रही है। नगर परिषद अब शहर में एक ऐसा आधुनिक कॉम्बो प्रोजेक्ट लाने जा रही है, जिसमें वेंडर मार्केट और मल्टीलेवल पार्किंग दोनों की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। यह प्रोजेक्ट घुमारवीं–सुन्हाणी सड़क पर सीर खड्ड पुल के समीप प्रस्तावित है, जहां नगर परिषद ने लगभग चार से पांच करोड़ रुपये की लागत से एक बहुउद्देशीय परिसर बनाने की योजना तैयार की है।
नगर परिषद का यह प्रोजेक्ट शहर के असंगठित वेंडरों और फेरीवालों को एक स्थान पर व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब तक शहर के अलग हिस्सों में सड़कों के किनारे बैठे स्ट्रीट वेंडरों को इस परियोजना के तहत व्यवस्थित बूथों में स्थान दिया जाएगा। इससे जहां नागरिकों को आवश्यक वस्तुएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी, वहीं शहर की सुंदरता और सफाई भी बनी रहेगी। घुमारवीं शहर में पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नगर परिषद का मानना है कि इस प्रोजेक्ट से न केवल सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की अव्यवस्था दूर होगी, बल्कि नागरिकों और पर्यटकों को भी सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी। इस बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स में पार्किंग स्थल को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा। इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से में सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस सोलर प्लांट से उत्पन्न बिजली से नगर परिषद क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटें संचालित होंगी। इससे नगर परिषद का बिजली खर्च काफी घटेगा। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक उदाहरण बनेगी।
नगर परिषद घुमारवीं ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए भूमि को अपने नाम स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। भूमि हस्तांतरण पूरा होते ही इस प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कर उच्च अधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगर परिषद का मानना है कि यह परियोजना न केवल शहर को नई सुविधाएं देगी, बल्कि वेंडर बूथों और पार्किंग शुल्क से आय का स्थायी स्रोत भी बनेगी। इस आय से नगर परिषद भविष्य में अन्य विकास कार्यों को भी गति दे सकेगी।
कोट
नगर परिषद का लक्ष्य घुमारवीं को स्वच्छ, संगठित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाना है। वेंडर मार्केट व पार्किंग प्रोजेक्ट इसी दिशा में बड़ा कदम है। सोलर प्लांट से स्ट्रीट लाइटों के लिए बिजली उपलब्ध होगी, जिससे बिजली व्यय में भी काफी बचत होगी। -खेम चंद वर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद घुमारवीं
संवाद