पहले से पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने की कार्रवाई
मोहाली और कुल्लू से हुई गिरफ्तारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने चिट्टा/हेरोइन के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में बैकवर्ड लिंकिंग के आधार पर मोहाली से मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मामले में फॉरवर्ड लिंकिंग के आधार पर कुल्लू निवासी आरोपी को दबोचा है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।
बता दें कि 25 जुलाई को पुलिस ने टीम ने नैहर में सुनील कुमार निवासी नैहर, तहसील सदर, बिलासपुर को 10.40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ पकड़ा था। इस मामले में पुलिस थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण और मनी ट्रेल की जांच की। बैकवर्ड लिंकिंग के आधार पर पुलिस मुख्य तस्कर तक पहुंची। इसके बाद 29 अगस्त को अमित बिष्ट निवासी एसएएस नगर, मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में 27 अगस्त को पुलिस थाना स्वारघाट के तहत नाकाबंदी के दौरान दो आरोपियों से करीब 54 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से फॉरवर्ड लिंकिंग के तहत नशे की सप्लाई चेन से जुड़े व्यक्ति की भूमिका सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने राजेश कुमार उर्फ राजू निवासी चौकी डोबी, डाकघर पुईद, तहसील सदर, जिला कुल्लू को गिरफ्तार किया है।
कोट
दोनों मामलों में नशे की चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच आगे बढ़ने पर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक धीमान,पुलिस अधीक्षक,बिलासपुर