-दवाइयों के रैपर संलग्न करने वाले आदेश को वापस लेने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर की त्रैमासिक बैठक रविवार को बाबा नाहर सिंह बजिया मंदिर धौलरा में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान डॉ. रवींद्र कुमार ठाकुर ने की। बैठक में पुलिस पेंशनर की विभिन्न प्रकार की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
विभाग और सरकार का दीर्घकाल से मांगों के प्रति उपेक्षा पूर्ण रवैया अपनाए जाने पर पेंशनरों ने रोष प्रकट किया। साथ ही पुलिस अधीक्षक कांगड़ा की ओर से मेडिकल बिल में पेंशनरों से दवाइयों के खाली रेपर संलग्न किए जाने वाले आदेश की निंदा की गई। पेंशनरों ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर बीमार पेंशनरों के प्रति ऐसा अविश्वास और दकियानूसी रवैया ठीक नहीं है। एक तरफ विभाग की छवि सुधारने के प्रयास और दूसरी तरफ अपने कर्मचारियों के प्रति अविश्वास करना निंदनीय है। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इन आदेशों को वापस लेने को कहा। बैठक में 75 साल पूरे कर चुके पेंशनरों को अक्टूबर माह में होने वाले समारोह में सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया। डॉ. रवींद्र कुमार ठाकुर ने सभी सदस्यों का बैठक में पधारने के लिए आभार जताया और अपील की कि वे उसी पार्टी को वोट दें जो पुलिस पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से हल करने को वचनबद्ध लगती है। उन्होंने बताया कि चुनावों के बाद अगली बैठक घुमारवीं में होगी। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों से अपील की है कि वे इस बैठक में भाग लें, ताकि सरकार और विभाग के प्रति उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा हो सके। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित सरकार द्वारा मतदाता जागरूकता दूत रत्न चंद निर्झर ने सभी सदस्यों से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। इस मौके पर त्रिलोक शर्मा, परमानंद शर्मा, श्रवण कुमार चंदेल, प्रेम लाल शर्मा और रतन चंद ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।