- भराड़ी थाने में पूछताछ जारी, जल्द सुलझ सकती है गुत्थी
- पिछले माह में प्रवासी व्यक्ति पर चलाई थी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत मैहरी काथला पंचायत के कुलवाड़ी गांव बीते माह हुए गोलीकांड में पुलिस ने गुजरात से दो व्यक्तियों को पकड़ कर लाई है। मामले में संदिग्ध इन दोनों व्यक्तियों से भराड़ी थाने में पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही इस पूरी घटना से पर्दा उठने की उम्मीद है।
10 अक्तूबर को कुलवाड़ी गांव में दिन दिहाड़े देसी कट्टे से किराये के कमरे में रहने वाले बिहार के एक व्यक्ति पर गोली चलाई गई थी। वारदात में व्यक्ति बाल-बाल बच गया था। गोली उसके कंधे को छूकर निकल गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक सहित डीएसपी ने टीम सहित मौके का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने जांच में पाया था कि गोली देसी कट्टे से चली थी। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं, आखिर देसी कट्टे सहित कोई व्यक्ति क्षेत्र में कैसे पहुंच गया। गोली मारने के पीछे क्या मंशा थी। इसके बाद से पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। मामले को सुलझाने के लिए टीमेें भी गठित की गई हैं। इसी कड़ी अब दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया है। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।