पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को 24 घंटे थाना के संपर्क में रहना होगा
पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने वर्चुअल मीटिंग में दिए निर्देश
नशे में पाए गए डीएसपी की कार्यालय में बुलाकर की काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विधानसभा के चुनावों को देखते हुए जिला पुलिस के कप्तान ने सभी पुलिसकर्मियों को 24 घंटे सतर्क रहने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी को मोबाइल ऑन और थाना के संपर्क में रहना होगा। यदि कोई ड्यूटी से नदारद और नशे की अवस्था में पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने सभी डीएसपी, थाना प्रभारी और मुंशी से वर्चुअल मीटिंग की। इसमें यह निर्देश दिए गए।
वीरवार रात को पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने विभिन्न माध्यमों से सभी थानों की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा दूरभाष से कई पुलिसकर्मियों और अधिकारियों से बात की। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारी और अधिकारी सही स्थिति में पाए गए। लेकिन श्री नयनादेवी जी के डीएसपी नशे में धुत मिले। इस पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया। उन्होंने डीएसपी की काउंसलिंग की और कारण बताओं नोटिस जारी किया। इस घटना के बाद सभी उपमंडलों के डीएसपी, थाना प्रभारियों और मुंशियों से वर्चुअल मीटिंग की। पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने बताया कि बिलासपुर बॉर्डर जिला है। चुनावों के समय किसी भी समय किसी भी अधिकारी और कर्मचारी की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए सभी को 24 घंटे सतर्क और सही अवस्था में रहने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में पकड़े गए डीएसपी की पहले से नशे में रहने की शिकायत मिल रही थी। उन्हें पहले ही चेताया गया था, लेकिन फिर भी वह वीरवार रात को नशे में धुत पाए गए। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।