एएसआई, हेड कांस्टेबल समेत चार कांस्टेबल होंगे तैनात, नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा
विधायक जीतराम कटवाल ने विधानसभा के बजट सत्र में उठाई थी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता और नयनादेवी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले बागछाल पुल के पास स्थायी पुलिस चौकी खोलने की मांग पूरी हो गई है। सरकार ने मरोत्तन (बागछाल) में पुलिस चौकी स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। चौकी के लिए छह पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक एएसआई, एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल शामिल हैं। पुलिस चौकी खुलने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
बागछाल में पुलिस चौकी खोलने का मामला झंडूता विधायक जीतराम कटवाल ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शून्यकाल में उठाया था। उन्होंने बताया था कि बागछाल में अस्थायी पुलिस चौकी तो स्थापित है, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है। चौकी में लंबे समय से केवल दो कर्मचारी तैनात थे। कर्मचारियों के अवकाश पर जाने की स्थिति में चौकी की व्यवस्था प्रभावित हो जाती थी।विधायक ने विधानसभा में कहा था कि बागछाल पुल बनने के बाद इस मार्ग से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ी है। चिट्टे और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के लिए यह मार्ग आसान रास्ता बन रहा है। ऐसे में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जरूरी है। बागछाल पुल से कीरतपुर से शाहतलाई, बड़सर, हमीरपुर और कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों की दूरी करीब 60 किलोमीटर कम हुई है। करीब ढाई वर्ष पहले शुरू हुआ यह पुल क्षेत्र में आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। हालांकि, इसके साथ नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही को लेकर भी चिंता सामने आई है। विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि बागछाल में पुलिस चौकी की स्थापना और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती क्षेत्रवासियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है। इससे नशा माफिया पर लगाम लगाने के साथ कानून व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।