फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावों में अनुशासन एवं सतर्कता के साथ करें कर्तव्यों का निर्वहन : अभिषेक

Wed, 13 May 2026 11:22 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
घुमारवीं में पोलिंग अधिकारियों को जानकारी देते खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा। स्रोत: प्रशासन
विज्ञापन
पंचायत चुनावों को लेकर घुमारवीं में हुई पोलिंग अधिकारियों की रिहर्सल
विज्ञापन

चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों से अधिकारियों को कराया अवगत

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। खंड विकास कार्यालय घुमारवीं में पंचायत चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पोलिंग अधिकारियों की रिहर्सल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने की।
खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने पंचायत चुनावों की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 11 मई निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि 14 एवं 15 मई को उम्मीदवारों के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया रखी गई है और 15 मई की शाम को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे, ताकि वे समय रहते अपना प्रचार-प्रसार शुरू कर सकें। उन्होंने बताया कि 24 मई को पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। पंचायत चुनावों का आयोजन 26 मई, 28 मई और 30 मई को विभिन्न चरणों में संपन्न करवाया जाएगा। उन्होंने सभी पोलिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
विज्ञापन

इसके उपरांत मास्टर ट्रेनर एवं प्रधानाचार्य रूपलाल शर्मा ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों, मतदान सामग्री के सही उपयोग, मतदाताओं की सुविधा, गोपनीयता बनाए रखने और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के बारे में अधिकारियों को विस्तार से अवगत करवाया।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना अत्यंत आवश्यक है और सभी कर्मचारियों को अनुशासन एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। प्रशिक्षण के दौरान पोलिंग अधिकारियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं का भी समाधान किया गया और संभावित परिस्थितियों में किस प्रकार कार्य करना है, इस बारे में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर पंचायत चुनाव के नोडल अधिकारी एवं ऑनलाइन ट्रेनर प्रशांत मनकोटिया, इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा और सब इंस्पेक्टर सदा राम भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें