बरठीं (बिलासपुर)। जल शक्ति विभाग मंडल झंडूता के अंतर्गत बरठीं गांव के कई परिवार लगभग तीन माह से पेयजल के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों ने विभाग के प्रति रोष जताया है। उन्होंने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों में जगदीश चंद, संजीव कुमार, सत्यादेवी और अन्यों ने बताया कि उनके नलों में पिछले तीन माह से एक बूंद भी पानी की नहीं टपकी। विभाग से शिकायत करने पर विभागीय कर्मचारियों पर कोई असर नहीं होता और वे इस समस्या को गंभीरता से न लेकर इसका समाधान नहीं कर रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि विभाग की ओर से जानबूझ कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। 9 दिसंबर को लिखित शिकायत करने पर भी कोई समाधान नहीं किया गया। वे तीन माह से दूसरे लोगों के घरों में लगे नलों से पानी लाकर काम चला रहे हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से जल्द से जल्द पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
कोट्स
जल्द ही नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होगी
कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि पेयजल समस्या मेरे ध्यान में है। रास्ते में पाइपलाइन डालने का कार्य चला होने के कारण ये पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। इस क्षेत्र में जल्द ही नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।