संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर थापना टनल के पास गांव पंचायत मझेड़ के लोगों ने फोरलेन पर फ्लाईओवर, डायवर्सन बनाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों के साथ जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान ने केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग की है।
उन्होंने कहा कि यहां पर स्थानीय लोगों, स्कूल जाने वाले बच्चों को फोरलेन के निर्माण के बाद से पैदल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कारण यह है कि इसमें करीब दो से तीन किलोमीटर तक कोई डायवर्सन नहीं है। इस कारण यहां पर अब तक कई वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग गलत लेन पर चलने के कारण दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। वहीं वाहन चालकों की बड़ी दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। मानसिंह धीमान ने मांग की है कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जाए। कहा कि इस स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। इस मौके पर तुलसी राम ठाकुर, सरोज कुमारी, सीमा देवी, प्रमिला, ऋषिता, सूर्य, वंशिका, रामप्यारी इत्यादि मौजूद रहे।