मीट मार्केट के पास ट्रांसफार्मर में फिर हुआ धमाका, लोगों ने की बदलने की मांग
गर्मी में बेहाल हुए उपभोक्ता, दुकानदारों को भी हुआ भारी नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के इंदिरा वार्ड के लोग इन दिनों बार-बार हो रही बिजली कटौती से परेशान हो गए हैं। मीट मार्केट के पास लगे ट्रांसफार्मर में बुधवार रात करीब 11 बजे एक बार फिर तेज धमाका हुआ, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली अगले दिन दोपहर तक बहाल हो सकी, जिससे लोगों को करीब 12 घंटे भीषण गर्मी में गुजारने पड़े।
अमित कुमार, रिंटू कश्यप, दुर्गा दास, मनीराम, सुरजीत, दीपक, राकेश, मदन लाल, निखिल, नितिन और नितेश आदि ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर हर महीने किसी न किसी तकनीकी खराबी की वजह से फेल हो जाता है। शिकायतों के बावजूद बिजली बोर्ड स्थायी समाधान नहीं कर रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से सबसे ज्यादा परेशानी उन दुकानदारों को हो रही है, जिनका कामकाज पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। आइसक्रीम विक्रेताओं, दूध और खाद्य सामग्री बेचने वालों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खराब हो रही सामग्री की वजह से ग्राहकों का भरोसा भी टूट रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली बोर्ड के कर्मचारी हर बार शिकायत के बाद मौके पर तो पहुंचते हैं, लेकिन सिर्फ अस्थायी मरम्मत कर चले जाते हैं। ट्रांसफार्मर बदलने की मांग वे बीते कई वर्षों से कर रहे हैं, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने चेताया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अख्तियार कर सकते हैं।
कोट
मीट मार्केट के 250 केवीए ट्रांसफार्मर में रात को अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। रात को ही सुधार का प्रयास किया गया, लेकिन आवश्यक सामान न होने के कारण अगली सुबह काम शुरू कर बिजली बहाल की गई। - सचिन आर्य, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड