औहर में पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन का सम्मान समारोह, 22 पेंशनरों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला बिलासपुर की औहर इकाई का वार्षिक सम्मान समारोह औहर में आयोजित किया गया। सेवानिवृत्त उपनिदेशक कृषि प्रकाश चंद ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम गायन से हुई। इसके बाद दिवंगत पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
इकाई प्रधान सीताराम शर्मा ने पेंशनरों का स्वागत कर वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने पेंशनरों के हित में राहत देने के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताया। समारोह में 21 सितंबर को शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के फैसलों का स्वागत किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बैठक में वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों को पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत तथा तृतीय श्रेणी के पेंशनरों को पेंशन एरियर का शत-प्रतिशत भुगतान करने की घोषणा की गई है। पेंशनरों ने सरकार से दिवाली तक 15 प्रतिशत डीए की किस्त देने की घोषणा करने का आग्रह किया। साथ ही लंबित समस्याओं के एकमुश्त समाधान के लिए जल्द जेसीसी बैठक बुलाने की मांग की।
जीवन के 75 बसंत पूरे कर चुके विद्या देवी, कौशल्या, नंद लाल, रोशन लाल और प्रेम लाल समेत 22 पेंशनरों को शाल, टोपी, मफलर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जिला प्रधान जगदीश दिनेश ने कहा कि जिला कार्यकारिणी पेंशनरों के हितों की सुरक्षा के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश महासचिव ठाकुर हुकम सिंह ने 21 सितंबर को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्णयों की जानकारी दी। समारोह में जिला मंडी के प्रधान हरीश शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान लेख राम कौंडल, उपप्रधान अश्विन शर्मा, तारा चंदेल, जिला महासचिव नरोत्तम धीमान, बीरबल धीमान और सुनील शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।