गाहर पंचायत के केट गांव में घायल मोर के साथ ग्रामीण आैर अन्य। संवाद
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की गाहर पंचायत के केट गांव में कड़ाकी में राष्ट्रीय पक्षी मोर फंस गया। इससे मोर का दाहिना पंजा टूटा गया है। सेवानिवृत्त अध्यापक सरस्वती प्रसाद के साथ अन्य लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि शिकारियों की ओर से लगाई गई कड़ाकी में फंसे मोर को गांव के युवकों अशोक और पवन कुमार ने कड़ी मशक्कत के बाद छुड़वाया और मरहम पट्टी की। लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना देकर मौके पर बुलवाया। दोषियों केे खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। भराड़ी पुलिस ने कड़ाकी को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग के बीओ कमल किशोर और वन रक्षक मिथिला ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मोर को चिकित्सीय सहायता दिलाई। पुलिस प्रभारी सतपाल शर्मा ने बताया कि कड़ाकी को कब्जे में ले लिया गया है। जांच की जा रही है। मोर को वन विभाग के संरक्षण में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।