- सड़क अपग्रेडेशन में नालियों को सड़क से कर दिया अधिक ऊंचा
-लोगों ने विभाग से समस्या के समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल की दधोल से वाया लदरौर सड़क पर मिहाड़ा गांव में सड़क के किनारे बनाई गईं पक्की नालियां लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सड़क अपग्रेडेशन कार्य के दौरान नालियों को सड़क से अधिक ऊंचा कर दिया गया है। इस कारण लोगों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विश्व बैंक के माध्यम से दधोल से वाया भराड़ी लदरौर सड़क का बीते साल अपग्रेडेशन कार्य किया गया है। सुधारीकरण होने के बाद सड़क का निर्माण कार्य पहले की अपेक्षा अधिक चौड़ाई में किया गया है। ऐसे में लोगों के घरों के साथ विभाग ने पक्की नालियों का बेहतरीन तरीके से निर्माण कार्य किया गया है, लेकिन अब लोगों को अपने घरों से सड़क की ओर आने जाने में मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। क्योंकि सड़क से अधिक ऊंचाई में पक्की नालियों का निर्माण किया गया है। इस कारण स्थानीय लोगों के लिए यह पक्की नालियां आफत बन गई हैं। उन्हें सड़क तक पैदल पहुंचना कठिन हो गया है। वहीं लोगों के पास अपने निजी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल होने के बावजूद वाहन घरों से दूर खड़े करने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों में बलदेव वर्मा, गजन राम, सोहन लाल वर्मा, देश राज वर्मा, विधिचंद वर्मा, सारन देवी सहित अन्य लोगों ने विभाग से समस्या के समाधान करने की मांग की है।
उधर अधिशासी अभियंता सुरेश चंदेल ने कहा कि स्थानीय लोगों की समस्या ध्यान में आई है। स्वयं मौके का जायजा लिया है। नाली के साथ लोगों को आने जाने के लिए रास्ते के निर्माण के लिए ठेकेदार से कहा गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समस्या का शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा।