-छह माह में पूरा होगा काम, झंडूता को मुख्यालय से जोड़ती है सड़क
-सड़क की चौढ़ाई बढ़ा कर की गई साढ़े पांच मीटर
सुभाष कपिल
झंडूता(बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की पनोल-झंडूता-जेजवीं एमडीआर(मेजर डिस्ट्रीकट रोड) सड़क का 22 करोड़ रुपये से उन्नयन(अपग्रेड) किया जा रहा है। सड़क का कार्य पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आ रही कठिनाइयों से शीघ्र छुटकारा मिलने वाला है। इससे पहले सड़क पर गड्ढों की भरमार होने से वाहन मालिक इसका खामियाजा भुगत रहे थे। वहीं सड़ककी चौढ़ाई कम होने से हादसों का खतरा बना रहता था। 21 किलोमीटर इस सड़क का कार्य लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को वर्ष मार्च 2020 में आवंटित किया था। समय अनुकूल रहता तो यह कार्य ठेकेदार को डेढ़ साल में पूरा करना था। वहीं विभागीय अधिकारियों के अनुसार कोविड और कोर्ट स्टे होने की वजह से कार्य करने में बहुत देरी हो गई। अभी तक कार्य को पूरा करने में करीब छह महीने और लग सकते हैं। झंडूता उपमंडल मुख्यालय की यह एमडीआर सड़क सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ेगी। सड़क मार्ग की चौढ़ाई इससे पहले करीब तीन मीटर थी, जबकि एमडीआर सड़क बनने से चौड़ाई अब साढ़े पांच मीटर होगी। खास बात यह भी है कि अब एक समय में दो वाहन आसानी से गुजर सकते हैं। वहीं लोगों का सफर अब आरामदायक सिद्ध होगा। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को सड़क से सीधा फायदा पहुंचा। सड़क किनारे डंगों के निर्माण के साथ पक्की नालियों का निर्माण किया जा रहा है।
स्थानीय विधायक जीत राम कटवाल के अनुसार उपमंडल मुख्यालय की पनोल-जेजवीं सड़क मार्ग को एमडीआर का रूप देने के लिए अथक प्रयास किए गए। इसका परिणाम आज लोगों के सामने आया। लोगों को सफर करने में बेहतर आरामदायक सुविधा उपलब्ध होगी। उधर, लोक निर्माण विभाग झंडूता के मंडलीय अधिशासी अभियंता हरि राम ने बताया कि पनोल-झंडूता-नगराओं-जेजवीं एमडीआर के कार्य को विभाग ठेकेदार के माध्यम से करवा रहा है। 21 किलोमीटर सड़क पर करीब 22 करोड़ की लागत से उन्नयन का कार्य प्रगति पर चला हुआ है। करीब छह महीने के भीतर कार्य पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद