फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: पंजगाईं स्कूल में सीबीएसई लागू करने में लापरवाही बरतने का आरोप

विज्ञापन
पंजगाईं में सीबीएसई पैटर्न लागू करने को लेकर ज्ञापन सौंपते जनप्रतिनिधि व अभिभावक। स्रोत: जागरूक
विज्ञापन
अभिभावकों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
विज्ञापन

प्रधानाचार्य की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाईं में सीबीएसई पैटर्न लागू करने की प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है।अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार को उपायुक्त बिलासपुर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर विद्यालय प्रशासन, विशेषकर प्रधानाचार्य की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और सरकार की स्पष्ट नीतियों के बावजूद विद्यालय में सीबीएसई संबद्धता के तहत प्रवेश प्रक्रिया जानबूझकर रोकी जा रही है, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। पाठशाला में तीन पंचायतों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के चुनिंदा सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न से जोड़ने का निर्णय लिया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सके। पंजगाईं स्कूल भी इस योजना में शामिल है, लेकिन विद्यालय प्रशासन की उदासीनता के कारण इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है। अभिभावकों ने कहा कि शिक्षा विभाग ने 23 अप्रैल 2026 को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि सीबीएसई से संबद्ध किए जा रहे सभी विद्यालयों में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया था कि संबद्धता से जुड़ी तकनीकी औपचारिकताएं बाद में पूरी कर ली जाएंगी, लेकिन विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद पंजगाईं स्कूल में न तो नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई और न ही अभिभावकों को कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। ज्ञापन के अनुसार, जब अभिभावकों ने इस बारे में प्रधानाचार्य से जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।
विज्ञापन

ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने सीबीएसई पैटर्न के तहत प्रवेश और कक्षाएं शुरू करने के बारे में पूछा तो प्रधानाचार्य ने इसे अपना दायित्व मानने के बजाय उन्हें सरकार से पूछने की सलाह दी। ज्ञापन में इसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताते हुए कहा गया है कि विद्यालय प्रशासन का यह व्यवहार बच्चों और अभिभावकों के हितों के प्रतिकूल है। अभिभावकों ने बताया कि प्रदेश के अन्य चयनित विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न के तहत प्रवेश प्रक्रिया और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, जबकि पंजगाईं स्कूल अभी भी पिछड़ा हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह चक्का जाम करेंगे।
विज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न के तहत प्रवेश प्रक्रिया तत्काल शुरू करवाने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया तो बच्चों का एक पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो सकता है। इस मौके पर पंजगाईं पंचायत की नवनिर्वाचित सुशीला शर्मा, नवनिर्वाचित प्रधान धौण कोठी सपना देवी, नव निर्वाचित प्रधान धार टटोह अभिषेक ठाकुर, पूर्व प्रधान पंजगाईं सुशील कुमार, नवनिर्वाचित उप प्रधान सुनील, उप प्रधान इंद्रपाल सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें