पूर्व सांसद और उपाध्यक्ष राज्य रेड क्रास सोसाइटी प्रतिभा सिंह ने कहा कि 18 करोड़ से बनने वाला पंजगाईं का पांडेश्वर राधा कृष्ण मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का मुख्य केंद्र होगा अपितु श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक पर्यटन स्थली के रूप में भी अपना महत्व कायम करेगा।
वह मंदिर के शिलान्यास करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए बोल रहीं थी। उन्होंने कहा कि आस्था एवं श्रद्धा का केंद्र राधा कृष्ण पांडेश्वर मंदिर आने वाली पीढ़ियों को प्राचीन इतिहास के समृद्ध दर्शन करवाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजगाईं में राधा-कष्ण पांडेश्वर मंदिर निर्माण का जो महाराज स्वामी राम मोहन दास जी ने संकल्प लिया है उसे पूरा करने के लिए क्षेत्र वासियों के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने भी भरपूर योगदान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस शिलान्यास महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम था लेकिन व्यस्त होने के कारण वे नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि पंजगाईं गांव के इतिहास को देखते हुए क्षेत्रवासियों के अतिरिक्त अन्य दानी सज्जनों को भी इस मंदिर के निर्माण के लिए योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मंदिर के बनने से मंदिर प्रदेश के अन्य भव्य और बड़े मंदिरों की श्रेणी में शुमार हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत तीन वर्षों में समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है और वर्तमान वित्त वर्ष में सामाजिक क्षेत्र में अधिकतम बजट का प्रावधान निर्धन और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए किया गया है।
इस अवसर पर राज्य योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर, मुख्य ससंदीय सचिव (वन) राजेश धर्माणी और सदर विधायक बंबर ठाकुर ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
सदर विधायक बंबर ठाकुर ने विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजगाईं क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने भरसक प्रयास किए हैं और धौंणकोठी में पेयजल की कमी को दूर करने के लिए 70 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजगाईं अस्पताल में खाली पड़े पैरा मेडिकल स्टाफ के पदों को भरा गया है और पंजगाईं में सिंचाई योजना को विधायक प्राथमिकता में डाल कर उसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, अध्यक्ष हिप्र स्कूल शिक्षा बोर्ड बलवीर टेक्टा, जिला परिषद अध्यक्ष अमरजीत सिंह बग्गा, जिला परिषद सदस्य सावित्री गौतम, बीडीसी सदस्य सुरजीत सिंह, जिला मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष विवेक कुमार पूर्व विधायक बाबू राम गौतम और तिलक राज शर्मा, सदस्य हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एवं ब्राह्मणा कल्याण सभा पंडित सीता राम शास्त्री, एसीसी जीएम कपूर, भावना ठाकुर, उपाध्यक्ष राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ और अध्यक्ष हिप्र नर्सिंग एसोसिएशन, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान सुशील कुमार, उपप्रधान अनु राज गौतम, धौंण कोठी पंचायत के प्रधान सुरेंद्र पाल, उप प्रधान शंकर सिंह के अतिरिक्त आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधि और अन्य लोग भी उपस्थित थे।