नगर परिषद बिलासपुर में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों का चयन कांग्रेस के लिए टेढ़ी खीर बन गया है। पार्टी समर्थित उम्मीदवार बनने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में होड़ सी मच गई है।
पांच वार्ड को छोड़कर अन्य छह वार्डों में उम्मीदवारों की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि उम्मीदवार फाइनल करने के लिए गठित की गई कमेटी ने उम्मीदवारों की प्रारंभिक लिस्ट तैयार कर अंतिम फैसले के लिए सदर कांग्रेस कमेटी को भेज दी है। अब शहरी कमेटी उम्मीदवारों पर फैसला लेगी।
कांग्रेस पार्टी की गठित शहरी चुनाव समिति की बैठक विश्वकर्मा मंदिर में हुई। आठ, नौ, दस वार्ड की चुनाव चयन समिति की इस बैठक के बाद वार्डों के प्रभारियों ने अपने उम्मीदवारों के आवेदन दिए।
इसके पश्चात लखनपुर में भी सात और 11 नंबर वार्ड की बैठक हुई। चुनाव समिति की अंतिम बैठक मंगलवार को हुई। इसमें आवेदनों की लिस्ट तैयार कर सदर कांग्रेस कमेटी को भेजी गई है।
लिस्ट के अनुसार वार्ड नंबर एक से सोमा देवी, दो से वर्तमान उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, तीन से रशीदा, छह से सोमा देवी, सात से इंदु सिंह के आवेदन आए हैं।
जबकि वार्ड नंबर पांच से राकेश राकू, सतीश शर्मा और नरेंद्र पंडित ने पार्टी समर्थन पर चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। वार्ड नंबर आठ से शारदा देवी, रच्छपाल सिंह और सोनिका ने चुनावी मैदान में उतरने की दावेदारी पेश की है। नौ नंबर वार्ड से विमला देवी, तारा आजाद और रजनी शामिल हैं।
इसी प्रकार वार्ड नंबर दस से निर्मला राणा, केशव कौंडल और मनोज ने पार्टी टिकट पर दावा जताया है। कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने बताया कि समिति ने बैठक के बाद पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के आवेदन सदर कांग्रेस कमेटी को भेजे हैं। सदर कांग्रेस कमेटी ही इस पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। उनके अनुसार इस बैठक में राजकुमार टाडू, हुसैन अली, शशिबाला, जगदीश कौंडल, कृष्ण लाल, और नंदलाल राही उपस्थित थे।