पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के दूसरे दिन भी जोश के साथ उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। पंचायत वार्ड पंच, उपप्रधान, प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के लिए दूसरे दिन कुल 1435 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
नामांकन पत्र भरने के बहाने कई उम्मीदवारों ने शक्ति भी प्रदर्शन किया तो कई अपने समर्थकों सहित सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।
बिलासपुर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है। नामांकन पत्र भरने आए उम्मीदवारों का जोश देखते ही बन रहा था। इस मौके पर हर नेता अपनी-अपनी जीत का दावा करते रहे।
उधर, पार्टी समर्थित उम्मीदवार भी नामांकन पत्र भरने लगे हैं। मंगलवार का जिला परिषद सदस्य के लिए भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए।
जिला बिलासपुर में बुधवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच के लिए 796 नेताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि उपप्रधान के लिए 279 और प्रधान पद के लिए 209 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की।
पंचायत मुख्यालय में उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया को पूरा किया। इसके बाद उम्मीदवार सीधा चुनाव प्रचार में जुट गए।
उधर, नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन जिला परिषद के लिए एसडीएम सदर के कार्यालय में छह उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए।
सदर ब्लॉक में प्रधान पद के लिए 56, घुमारवीं में 75, स्वारघाट में 37 और झंडूता में 41 नेता मैदान में उतरे। उपप्रधान के लिए सदर, घुमारवीं, स्वारघाट, झंडूता में क्रमश: 57, 119, 47, 56 जबकि वार्ड पंच के लिए 176, 331, 98, 197 ने पर्चे भरे।
जिला परिषद के लिए 20 उतरे उतरे मैदान में
जिला परिषद के तरसूह वार्ड से छोटू राम डांगी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। छोटू राम कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार घोषित हुए हैं।
इस दौरान उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सरपाल ठाकुर, राम चंद ठाकुर, नरवीर ठाकुर, कुलदीप दयोल और कुषल कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। छकोह वार्ड से सरोज कुमारी ठाकुर और तरसूह से बलबीर सिंह पप्पी नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों ही उम्मीदवार भाजपा से समर्थित है।
इस दौरान दोनों के साथ भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा भी साथ मौजूद रहे। इसके अलावा कोटला वार्ड से उमा देवी, छकोह से सरोज कुमारी, बामटा से उर्मिला शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
उधर, घुमारवीं में जिला परिषद के लिए कुल 15 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। घुमारवीं में रेणु बाला ने समोह, बीना कुमारी ने बेहना ब्रह्मणा, राम किशोर ने कोठी, कमल देव ने तडोंन, राज कुमार ने कोठी, जगदीश चंद ने डंगार, बंदना कुमारी ने बेहना जट्टां, राजेश ठाकुर ने डुमैहर, ईश्वर दास ने लेहड़ी सरेल, संतोष धीमान ने छत, राम गोपाल ने कोठी, नरेश कुमार ने डंगार, स्वर्ण लता ने झंडूता, बृज लाल ने पट्टा से नामांकन पत्र दाखिल किए।