पंचायत चुनावों का बिगुल बज गया। मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए चुनावी रण में उतरे उम्मीदवारों ने प्रचार शुरू कर दिया है। बिलासपुर जिला के चार खंडों में पहली, तीन और पांच जनवरी को मतदान होंगे।
जिला में 151 पंचायतों में 2,69,738 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 1,32,631 महिलाएं और 1,37,107 पुरुष मतदाता हैं। जिला के चार खंडों में से तीन में पुरुष मतदाता और एक खंड में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। हालांकि, आठ दिसंबर तक वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करने का समय दिया गया है। लिहाजा, मतदाताओं की इस संख्या में आंशिक बढ़ोतरी भी हो सकती है।
बिलासपुर जिला के सबसे बड़े खंड घुमारवीं में महिलाएं चुनावी रण में उतरे उम्मीदवारों की भाग्य विधाता होंगी। घुमारवीं खंड में पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं मतदाता अधिक हैं। घुमारवीं खंड की पंचायतों में 101925 मतदाता हैं। इनमें 51040 महिलाएं और 50885 पुरुष मतदाता हैं।
सदर खंड की पंचायतों में 68300 मतदाता हैं। इनमें 33417 महिलाएं और 34887 पुरुष मतदाता हैं। झंडूता खंड में कुल 66824 मतदाताओं में से महिलाएं 32691 और 34133 पुरुष मतदाता हैं।
जबकि श्रीनयना देवी जी खंड के कुल 32689 मतदाताओं में से 15487 महिलाएं और 17202 पुरुष मतदाता हैं। जिला के घुमारवीं विकास खंड में सबसे अधिक और श्रीनयना देवी खंड में सबसे कम मतदाता हैं।
एक मतदाता देगा पांच उम्मीदवारों को वोट
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में प्रत्येक मतदाता पांच उम्मीदवारों का चयन करेगा। इसके लिए मतदाताओं को अलग-अलग रंग की पर्चियां मिलेगी। मतदाता वार्ड पंच, उपप्रधान, प्रधान, बीडीसी और जिला परिषद के प्रत्याशी का चुनाव करेंगे।
कहां कितनीं पंचायतें, कितने मतदाता
खंड पंचायतें महिलाएं पुरुष कुल मतदाता
घुमारवीं 49 51040 50885 101925
सदर 39 33413 34887 68300
झंडूता 39 32691 34133 66824
श्रीनयना देवी 24 15487 17202 32689