दावीं घाटी युवा सेवा दल ने किया जनप्रतिनिधियों का सम्मान, 35 वर्षों से समाज सेवा में जुटी है संस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। दावीं घाटी युवा सेवा दल की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में क्षेत्र की 12 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, उपप्रधानों और पंचायत समिति सदस्यों ने भाग लेकर संस्था के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने मां श्री नयना देवी जी के पावन स्थल पर आयोजित होने वाले 36वें विशाल लंगर के लिए अपना सहयोग और समर्थन देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों का स्मृति-चिह्न और माता की चुनरी भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि दावी घाटी युवा सेवा दल पिछले 35 वर्षों से समाज सेवा, मानव सेवा और धार्मिक गतिविधियों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मां श्री नयना देवी जी के दरबार में आयोजित होने वाला 36वां विशाल लंगर संस्था की सेवा, समर्पण और जनसहभागिता की परंपरा का प्रतीक है। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं समाज को जोड़ने और सेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संस्था के जनहित और समाजहित के कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने सभी प्रधानों, उपप्रधानों और बीडीसी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सहयोग संस्था के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी 36वें विशाल लंगर को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक सहयोग और सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और मानव सेवा के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य राजपुरा-कोटला-निहारखन बासला अमित शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मेथी प्रेम लाल, ग्राम पंचायत स्याहुला की प्रधान आरती ठाकुर, जुखाला के प्रधान हरिसिंह धीमन, जुखाला की उपप्रधान रूपा शर्मा, निहारखन बासला की प्रधान रीना धीमन, उपप्रधान मदन ठाकुर, दयोथ के प्रधान मदन कौशल व उपप्रधान सोनू ठाकुर, बंदला पंचायत की प्रधान चंचला ठाकुर, उपप्रधान मेहंदर ठाकुर सहित दावी घाटी युवा सेवा दल के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।