जिला की पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया वीरवार को
थमने से अब दावेदार मैदान में खुलकर कूद गए हैं। दावेदारों ने शुक्रवार को
डोर टू डोर प्रचार अभियान शुरू कर दिया।
हालांकि दावेदारों को अभी
तक चुनाव चिन्ह आवंटित नहीं हुए हैं, लेकिन बावजूद इसके प्रत्याशी मतदाताओं
के घर-घर जाकर दस्तक देने में जुट गए हैं। बिलासपुर जिला की सर्द फिजाओं
में चुनावों ने पूरी तरह से गर्माहट भर दी है। बिलासपुर की 151 पंचायतों
में एक, तीन और पांच जनवरी को मतदान होगा।
तीन चरणों में होने वाले
मतदान में मतदाता वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद के उम्मीदवारों का चुनाव
करेंगे। बिलासपुर जिला में लगभग पौने तीन लाख मतदाता मतदान करेंगे।
मतदाताओं
को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशी कई तरह के लोक लुभावने वायदे कर
रहे हैं। जिला परिषद से लेकर वार्ड पंच के लिए दावेदारों ने पूरी तरह से
कमर कस ली है। मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने के लिए प्रत्याशी पूरा जोर लगा
रहे हैं। जगह-जगह रिश्तेदारी निकाली जा रही है।
मनाने का दौर भी जारी
एक
पद पर कई-कई नाम आने से अब सहमति बनाने के लिए मनने-मनाने का दौर भी जारी
हो गया है। सहमति बनाने के लिए भी लोगों में चर्चा चली हुई है। एक-दूसरे के
पक्ष में बैठाने की बातें चल रही है। गणना का आकलन करके बैठकों का आयोजन
किया जा रहा है। 21 दिसंबर को दावेदारों का नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।