निर्वाचन आयोग और उपायुक्त को भेजी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत दयोली में 26 मई को हुए प्रधान पद के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रधान पद की उम्मीदवार यामिनी पवार ने मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी के गंभीर आरोप लगाते हुए मतों की पुनर्गणना की मांग उठाई है।
यामिनी पवार का कहना है कि मतगणना के प्रथम और द्वितीय चरण में वह बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन तृतीय चरण में अचानक उन्हें बराबरी पर ला दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों चरणों की मतगणना प्रक्रिया में उन्हें उचित रूप से शामिल नहीं किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पर संदेह उत्पन्न हुआ है। यामिनी पवार ने आरोप लगाया कि उनके मतों के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि रात्रि के समय उनके एजेंट विनीत कुमार पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर करवाए गए, उन्हें अपने एजेंट से मिलने तक नहीं दिया गया। साथ ही उन्हें निर्णय प्रक्रिया से भी दूर रखा गया। यामिनी पवार ने बताया कि मामले को लेकर उन्होंने ई-मेल के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश निर्वाचन आयोग तथा उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर को शिकायत भेज दी है। उन्होंने मांग उठाई कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मतों की दोबारा गिनती करवाई जाए, ताकि जनता का लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर विश्वास कायम रह सके। वहीं, इस बारे में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं पहुंची है।