ग्राम पंचायत औहर के दडयाणा गांव में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा। संवाद
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच के लिए भेजा लैब
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। विकासखंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत औहर के गांव दड़याणा में मंगलवार सुबह एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेतों में घास काटने गए कुछ ग्रामीणों को यह जहाज जैसा दिखने वाला गुब्बारा दिखाई दिया, जिस पर उर्दू में कुछ शब्द लिखे थे, साथ ही पीआईए और चांद का चित्र भी बना था। अचानक यह अजीबो-गरीब गुब्बारा मिलने से ग्रामीण दहशत में आ गए और तुरंत इसकी जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को दी।
दड़याणा गांव के पंकज कुमार ने बताया कि सुबह जब गुब्बारा देखा गया तो उसमें पूरी तरह हवा भरी हुई थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने तक इसकी हवा काफी हद तक निकल चुकी थी। पंकज ने सबसे पहले स्थानीय पंचायत के प्रधान और उप प्रधान को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद इसकी सूचना घुमारवीं पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे की जांच की। पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर विस्तृत जांच के लिए लैब भेज दिया है। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। घटना के समय स्वास्थ्य कार्यकर्ता मंजुला शर्मा, सीएचओ सपना कुमारी और ग्राम पंचायत औहर के उप प्रधान रणजीत वर्धन भी मौजूद रहे। ग्रामीणों के मुताबिक, यह गुब्बारा खेत के बीच पाया गया, जहां सुबह कुछ लोग घास काटने गए थे। गुब्बारे का आकार और पाकिस्तान से जुड़े चिन्ह देखकर लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घुमारवीं थाना प्रभारी मस्तराम ने बताया कि बरामद किया गया गुब्बारा एक खिलौना नुमा गुब्बारा है, जिस पर पाकिस्तान का चिन्ह है। इसे कब्जे में ले लिया गया है और जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।